स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा दो के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के नतीजे जारी किए
धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में जमा दो की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए एक राहत भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने मार्च 2026 में आयोजित हुई नियमित परीक्षाओं के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बहुप्रतीक्षित परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए हैं। अंकों में सुधार की उम्मीद लगाए बैठे छात्र अब बिना किसी देरी के अपना संशोधित परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जिन भी अभ्यर्थियों ने अपने अंकों से असंतुष्ट होकर पुनर्मूल्यांकन या पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन किया था, उनके संशोधित नतीजे ऑनलाइन कर दिए गए हैं। छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि वे बिना किसी परेशानी के बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर अपना ताजा परिणाम देख सकें।
इसके साथ ही, बोर्ड ने छात्रों की किसी भी प्रकार की शंका या पूछताछ के समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि किसी छात्र को पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़ी कोई जानकारी चाहिए, तो वह कार्यालय समय के दौरान दूरभाष नंबर 01892-242158 पर संपर्क कर सकता है। वहीं, पुनर्निरीक्षण (री-चेकिंग) से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01892-242122 पर कॉल किया जा सकता है। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अपना परिणाम वेबसाइट से अवश्य जांच लें और किसी भी स्पष्टीकरण के लिए केवल इन्हीं निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों का ही उपयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

