30 अप्रैल तक घोषित किया जाएगा 10वीं और जमा दो का परिणाम : डॉ राजेश शर्मा
धर्मशाला, 02 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान इस बार नकल के मामलों में कमी आई है। दसवीं और कमा दो की परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन हेतू बोर्ड की ओर से निगरानी कमेटियां गठित की गई हैं। जमा दो पेपर चेकिंग को 2130, जबकि दसवीं की पेपर चेकिंग के लिए 2900 शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. राजेश शर्मा ने वीरवार को प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में नकल के 282 मामले सामने आए थे, जबकि इस बार केवल 59 मामले ही सामने आए हैं।
बोर्ड के नकल के खिलाफ अभियान के सार्थक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने सूचारू रूप से बोर्ड परीक्षाओं का संचालन पूरा करवाया है, अब हमारा ध्येय 30 अप्रैल से पहले परिणाम घोषित करना है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड अब बच्चों की करियर काउंसलिंग भी करेगा। उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल से बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के पहले चरण का मूल्यांकन कार्य आरंभ हो गया है, जिसके लिए 41 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि दूसरा चरण 16 अप्रैल से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जमा दो की संस्कृत, अंग्रेजी, इकोनोमिक्स, फिजिक्स, हिंदी, अकाउंटेंसी व बायोलॉजी विषयों, जबकि दसवीं की अंग्रेजी, हिंदी, गणित और साइंस विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं की चेकिंग होगी। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि दोनों कक्षाओं का परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल से पहले घोषित किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

