शिक्षा सुधार पर चंबा में मंथन, बोर्ड अध्यक्ष ने परखा व्यवस्था का दम

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा सुधार पर चंबा में मंथन, बोर्ड अध्यक्ष ने परखा व्यवस्था का दम


शिक्षा सुधार पर चंबा में मंथन, बोर्ड अध्यक्ष ने परखा व्यवस्था का दम


धर्मशाला, 31 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने चंबा प्रवास के दौरान मंगलवार को एक ओर जहां शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और परिणामोन्मुख बनाने के लिए उच्च अधिकारियों के साथ रणनीति साझा की, वहीं दूसरी ओर शिक्षा जगत को अपना जीवन समर्पित करने वाली विभूतियों के सम्मान में आयोजित समारोह में भी शिरकत की।

शिक्षा को सुदृढ़ बनाने पर 'समन्वय बैठक'

उप निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) चंबा के कार्यालय में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। डॉ. राजेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चंबा के उप निदेशक विकास महाजन, प्राचार्य डाइट, ओएसडी (प्राथमिक शिक्षा) और आईटी नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।

इस दौरान शिक्षा बोर्ड और विभाग के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर चर्चा की गई। इसके अलावा छात्रों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए नए शिक्षण मॉडल पर मंथन, आईटी क्षेत्र के माध्यम से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाना मुख्य बिंदु रहे।

विदाई समारोह : 32 वर्षों के समर्पित सफर का सम्मान

प्रशासनिक बैठक के उपरांत डॉ. राजेश शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करियां पंहुचे। अवसर था विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा शर्मा के सेवानिवृत्ति समारोह का। डॉ. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए अपनी बहन रेखा शर्मा के 32 वर्षों के उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आपका योगदान और समर्पण आने वाली पीढ़ी के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों के उत्साह को देखते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने 8 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने जोर देकर कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां ही विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का संचार करती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story