परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों से सुझाव ले रहा शिक्षा बोर्ड : डॉ. राजेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों से सुझाव ले रहा शिक्षा बोर्ड : डॉ. राजेश शर्मा


धर्मशाला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दाड़ी (धर्मशाला) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ संवाद कर वर्तमान परीक्षा प्रणाली के संबंध में उनके विचार जाने तथा परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी, विद्यार्थी-अनुकूल और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर चर्चा की।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अध्यक्ष के समक्ष अपने प्रश्न रखे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा प्रणाली से जुड़ी अपनी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुधार संबंधी सुझावों को खुलकर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के वास्तविक अनुभवों को समझना परीक्षा व्यवस्था में सार्थक सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण है।

शिक्षकों के साथ बैठक में भी परीक्षा प्रक्रिया, विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों तथा परीक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। डॉ. शर्मा ने शिक्षकों से अपने अनुभवों के आधार पर व्यावहारिक सुझाव देने का आग्रह किया, ताकि परीक्षा प्रणाली को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों के साथ प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से प्राप्त सुझावों को बोर्ड स्तर पर विचारार्थ लिया जा सकता है, ताकि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की आवश्यकताओं के अनुरूप परीक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story