10वीं और जमा दो की विशेष अवसर परीक्षा हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू

WhatsApp Channel Join Now
10वीं और जमा दो की विशेष अवसर परीक्षा हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू


धर्मशाला, 03 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मार्च-2026 की मैट्रिक एवं जमा दो के विशेष अवसर परीक्षा परीक्षार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। गौरतलब है कि पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्निरीक्षण के उपरांत मैट्रिक के 222 तथा जमा दो के 154 पात्र अभ्यर्थियों को प्रदान किए गए विशेष अवसर के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त से प्रारंभ कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संबंधित विद्यालयों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन 6 अगस्त 2026 तक तथा 1000 विलंब शुल्क सहित आवेदन 10 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र आवेदन प्राप्त होने के उपरांत उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए यथासंभव निकटतम परीक्षा केंद्रों पर आवंटित किए जाएंगे, ताकि उन्हें परीक्षा में सम्मिलित होने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा संबंधित विद्यालयों से संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संस्थाध्यक्षों से भी अनुरोध किया कि वे सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन समय पर सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी अभ्यर्थी इस विशेष अवसर से वंचित न रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story