विशेष अवसर प्रदान छात्रों के लिए 3 अगस्त से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
धर्मशाला, 30 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा मार्च-2026 में आयोजित मैट्रिक एवं जमा दो वार्षिक परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः जांच के परिणाम घोषित किए जाने के उपरांत 222 मैट्रिक एवं 154 जमा दो अभ्यर्थियों को सितंबर-2026 में आयोजित होने वाली कम्पार्टमेंट एवं आवश्यक सुधार परीक्षा में सम्मिलित होने का विशेष अवसर प्रदान किया गया है। यह परीक्षा राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की सितंबर-2026 परीक्षा के साथ आयोजित की जाएगी जिसमें पात्र अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त, 2026 से प्रारम्भ होगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अभ्यर्थी 6 अगस्त, 2026 तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे, जबकि 10 अगस्त, 2026 तक 1000 विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मैट्रिक कम्पार्टमेंट, मैट्रिक आवश्यक सुधार तथा जमा दो कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि यह विशेष अवसर उन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो पुनर्मूल्यांकन अथवा पुनः जांच के परिणामों के उपरांत कम्पार्टमेंट अथवा आवश्यक सुधार श्रेणी में आए हैं। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित विद्यालयों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संस्थाध्यक्षों से भी अनुरोध किया कि वे पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करवाते हुए समय पर उनके ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

