स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एसओएस परीक्षाओं में ड्यूटी के लिए शिक्षकों से मांगे ऑनलाइन आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एसओएस परीक्षाओं में ड्यूटी के लिए शिक्षकों से मांगे ऑनलाइन आवेदन


धर्मशाला, 14 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आगामी सितम्बर-अक्तूबर 2026 में होने वाली राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। इन परीक्षाओं के पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर केंद्र अधीक्षक और उप-अधीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए प्रदेश के पात्र शिक्षकों से 14 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि प्रतिनियुक्ति के इच्छुक और पात्र शिक्षक 14 अगस्त से 25 अगस्त तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए इसे डिजिटल रखा गया है। शिक्षक हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि निर्धारित अवधि के दौरान केवल ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर ही विचार किया जाएगा। डाक या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए फॉर्म सीधे तौर पर अस्वीकार कर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि परीक्षाओं की शुचिता और गुणवत्ता पर जोर देते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष बनाए रखना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। चूंकि राज्य मुक्त विद्यालय के तहत विभिन्न वर्गों और आयु वर्ग के विद्यार्थी परीक्षा देते हैं, इसलिए परीक्षा केंद्रों पर अनुभवी और पात्र शिक्षकों की तैनाती बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने सभी पात्र शिक्षकों से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और फॉर्म भरते समय अपने सभी आवश्यक विवरण बेहद सावधानीपूर्वक दर्ज करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story