परीक्षा संचालन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर, बोर्ड अध्यक्ष की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
धर्मशाला, 01 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा संचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा की अध्यक्षता में बोर्ड कार्यालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सितंबर, 2026 में आयोजित हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की परीक्षाओं के दौरान सामने आई अनियमितताओं एवं नकल के मामलों की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य में परीक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में समन्वयकों, उप-अधीक्षकों एवं केंद्र अधीक्षकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों में सामने आई अनियमितताओं, यूएमसी के मामलों तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली एवं निगरानी व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया गया। डॉ. राजेश शर्मा ने परीक्षा केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप सीसीसीटीवी कैमरों की उचित स्थापना, सुचारू कार्यप्रणाली एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की उचित जांच तथा नकल की संभावनाओं को समाप्त करने के लिए आवश्यक निवारक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल अनुचित साधनों के प्रयोग के मामले दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी निवारक उपाय अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने परीक्षा स्टाफ को अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा परीक्षा केंद्रों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की प्राथमिकता परीक्षाओं का संचालन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय तरीके से सुनिश्चित करना है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों में बेहतर निगरानी व्यवस्था, अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक कदम उठाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

