स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया 10वीं के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण का परिणाम

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया 10वीं के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण का परिणाम


धर्मशाला, 18 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 10वीं कक्षा (मैट्रिक) की परीक्षा दे चुके और अपने अंकों में सुधार की उम्मीद कर रहे छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला ने मार्च 2026 में आयोजित मैट्रिक नियमित परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि छात्र अब बिना किसी देरी के अपना संशोधित परीक्षा परिणाम ऑनलाइन देख सकते हैं।

बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि जिन भी अभ्यर्थियों ने परीक्षा परिणाम आने के बाद पुनर्मूल्यांकन अथवा पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन किया था, उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा है। डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थी अपना नया और संशोधित रिजल्ट हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर चेक कर सकते हैं।

परिणाम को लेकर छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। डॉ. शर्मा के अनुसार, यदि किसी छात्र को पुनर्मूल्यांकन से संबंधित कोई जानकारी चाहिए, तो वह कार्यालय समय के दौरान बोर्ड के दूरभाष नंबर 01892-242158 पर संपर्क कर सकता है। वहीं, पुनर्निरीक्षण से जुड़ी किसी भी पूछताछ के लिए 01892-242122 पर कॉल की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story