10वीं और 12वीं की सप्लीमेंट्री व इंप्रूवमेंट परीक्षाओं का पुनर्मूल्यांकन परिणाम घोषित

WhatsApp Channel Join Now
10वीं और 12वीं की सप्लीमेंट्री व इंप्रूवमेंट परीक्षाओं का पुनर्मूल्यांकन परिणाम घोषित


धर्मशाला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षा के उन छात्रों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है, जो अपने नंबरों के पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) और पुनर्निरीक्षण (री-चेकिंग) के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बोर्ड ने जुलाई 2026 में आयोजित अनुपूरक (सप्लीमेंट्री), अतिरिक्त विषय और श्रेणी सुधार परीक्षाओं के अंतिम नतीजे जारी कर दिए हैं।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं।

स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि जुलाई माह में संचालित हुई नियमित परीक्षाओं के बाद जिन भी छात्रों ने अपने अंकों में सुधार या जांच के लिए आवेदन किया था, उनके परिणाम पूरी पारदर्शिता के साथ वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।

बोर्ड द्वारा जारी किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुल 260 छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन किया था। पुनर्निरीक्षण के लिए 10वीं कक्षा के 31 और 12वीं के 12 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था।

जबकि पुनर्मूल्यांकन के लिए 10वीं कक्षा के 98 और 12वीं के 119 परीक्षार्थियों ने इसके लिए फॉर्म भरा था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story