11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को पंजीकरण विवरण सुधारने को दो दिन शेष

WhatsApp Channel Join Now
11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को पंजीकरण विवरण सुधारने को दो दिन शेष


धर्मशाला, 23 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण में दर्ज गलतियों को सुधारने के लिए अब केवल दो दिन का समय शेष रह गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत बोर्ड प्रशासन ने त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 25 नवंबर निर्धारित की है। इस संबंध में बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने प्रदेश के सभी संबंधित विद्यालयों को सख्त हिदायत देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

बोर्ड की ओर से पूर्व में जारी अधिसूचना के तहत स्कूलों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डेटा संशोधन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई थी। अब डेडलाइन बेहद करीब आने के कारण बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों ने अभी तक अपने छात्रों का विवरण अपडेट नहीं किया है, वे 25 नवंबर तक इसे अनिवार्य रूप से पूरा कर लें। इस दौरान स्कूल प्रशासन मैट्रिकुलेशन रिकॉर्ड के आधार पर विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, लिंग, जन्मतिथि, श्रेणी (कैटेगरी) तथा चयनित विषयों से जुड़ी त्रुटियों को ऑनलाइन पोर्टल पर ठीक कर सकता है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं प्रमुखों से इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में परीक्षा या प्रमाण पत्र जारी होने के समय छात्रों को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने कहा है कि 25 नवंबर की समयसीमा समाप्त होने के बाद त्रुटि सुधार के लिए किसी भी स्थिति में कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story