9वीं कक्षा के विज्ञान विषय की द्विभाषीय प्रायोगिक पुस्तक होगी तैयार : डॉ. राजेश शर्मा
धर्मशाला, 10 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ)-2023 के अनुरूप शैक्षणिक सत्र 2027-28 से कक्षा 9वीं के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। इसी के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विज्ञान विषय की द्विभाषीय प्रायोगिक पुस्तक तैयार करने की पहल की गई है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस उद्देश्य से बीते 5 नवंबर को बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से विज्ञान विषय के विशेषज्ञ अध्यापकों को आमंत्रित किया गया। कार्यशाला में विशेषज्ञ अध्यापकों ने कक्षा 9वीं के विज्ञान विषय की प्रायोगिक पुस्तक तैयार करने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया तथा पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रयोगों, उनकी प्रक्रिया एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री को पुस्तक में शामिल करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
डॉ. शर्मा ने कहा कि विज्ञान विषय की प्रायोगिक पुस्तक को हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को विषयवस्तु को सरलता से समझने तथा प्रयोगों को बेहतर ढंग से सीखने का अवसर प्रदान करना है। इससे विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी।
डॉ. शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2023 के अनुरूप पाठ्यक्रम एवं शिक्षण सामग्री को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

