क्यू आर कोड व ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी से प्रमाण-पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन शुरू : डॉ राजेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
क्यू आर कोड व ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी से प्रमाण-पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन शुरू : डॉ राजेश शर्मा


धर्मशाला, 19 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा मार्च 2026 में आयोजित मैट्रिक एवं जमा दो की परीक्षाओं (नियमित एवं हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय–एसओएस) के प्रमाण-पत्रों का कयू आर कोड व ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन शुरू कर दिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से अब विद्यार्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन ऑनलाइन माध्यम से आसानी से करवा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस सुविधा के अंतर्गत मार्च 2026 सत्र के मैट्रिक तथा जमा दो के नियमित एवं एसओएस परीक्षार्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जा सकेगा। इसके लिए विद्यार्थी बोर्ड द्वारा निर्धारित शुल्क का भुगतान कर ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

डॉ. शर्मा ने बताया कि इस सत्यापन प्रक्रिया में ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है, जिससे प्रमाण-पत्रों की प्रामाणिकता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। कयू आर कोड के माध्यम से प्रमाण-पत्र से संबंधित जानकारी का डिजिटल सत्यापन किया जा सकेगा। यह तकनीक प्रमाण-पत्रों के साथ छेड़छाड़ की संभावनाओं को कम करने तथा उनकी सत्यता की जांच को अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने में सहायक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी एवं गैर-सरकारी विभागों तथा अन्य संस्थाओं द्वारा किया जाता है। ऐसे में कयू आर कोड व ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी आधारित ऑनलाइन सत्यापन सुविधा से विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रमाण-पत्रों का सत्यापन करने वाली संस्थाओं को भी काफी सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story