शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव हेतु मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. राजेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव हेतु मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. राजेश शर्मा


धर्मशाला, 12 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ एक सार्थक बैठक की। बैठक के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवीन प्रयासों, विद्यार्थियों के हित में बोर्ड द्वारा लागू किए जा रहे सुधारात्मक कदमों तथा शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने कहा कि मीडिया शिक्षा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण भागीदार है। मीडिया प्रतिनिधि शिक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू से भली-भांति परिचित होते हैं तथा उन्हें प्रदेशभर की शैक्षणिक गतिविधियों, चुनौतियों एवं आवश्यकताओं की निरंतर जानकारी प्राप्त होती रहती है। उन्होंने कहा कि मीडिया का व्यापक अनुभव एवं शिक्षा क्षेत्र की गहन समझ विद्यार्थियों के हित में उपयोगी सुझाव प्रदान करने तथा शिक्षा बोर्ड को दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी निर्णय लेने में महत्वपूर्ण सहयोग दे सकती है।

बैठक के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, विद्यार्थियों की सुविधाओं तथा बोर्ड की विभिन्न पहलों से संबंधित अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। डॉ. शर्मा ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा बोर्ड रचनात्मक सुझावों को सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण से ग्रहण करता है तथा विद्यार्थियों के हित में उन्हें लागू करने का निरंतर प्रयास करता है।

बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा बोर्ड एवं मीडिया के बीच निरंतर संवाद से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी मीडिया का सहयोग विद्यार्थियों के हितों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में डॉ. शर्मा ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों की शिक्षा के क्षेत्र में उनके रचनात्मक सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story