सीटीए ने तिब्बत के नागचू में आए विनाशकारी भूकंप में मारे गए लोगों के लिए की प्रार्थना

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के 'कशाग' (मंत्रिमंडल) ने बीती देर रात तिब्बत के नागचू क्षेत्र में स्थित ड्रेचेन काउंटी में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख और गंभीर चिंता व्यक्त की है। शुक्रवार को जारी अपने आधिकारिक बयान में, कशाग ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई, प्रभावित समुदायों के साथ एकजुटता व्यक्त की और जान गंवाने वालों की शांतिपूर्ण पुनर्जन्म प्राप्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की।

कशाग ने अपने बयान में मानवीय बचाव और राहत कार्यों की तत्काल आवश्यकता, हताहतों और तबाही की रिपोर्टिंग में पारदर्शिता, तिब्बती धार्मिक परंपराओं की सुरक्षा और मानवीय सहायता के लिए बिना किसी रोक-टोक के पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है। सीटीए ने उन खबरों पर भी चिंता जताई है, जिनके अनुसार तिब्बत के अन्य हिस्सों से भूकंप प्रभावित समुदायों की मदद के लिए आ रहे तिब्बती स्वयंसेवकों को चीन सेना द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश करने से रोका जा रहा है।

कशाग ने कहा कि राजनीतिक और प्रशासनिक प्रतिबंधों की तुलना में मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कशाग ने विभिन्न सरकारों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वे चीनी अधिकारियों पर जोर डालें ताकि पारदर्शिता बनी रहे और मानवीय सहायता के लिए बिना किसी बाधा के पहुंच सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story