धर्मशाला में जुटेंगे देशभर के आला अधिकारी, 16 व 17 अक्टूबर को ई-गवर्नेंस पर होगा मंथन

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यटन नगरी धर्मशाला में 16 और 17 अक्टूबर को ई-गवर्नेंस को लेकर राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक को लेकर तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। इस बैठक में देशभर के 100 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में सरकारी कामकाज को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने के साथ विकास की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने पर चर्चा होगी।

प्रस्तावित बैठक में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, इनकी भागीदारी की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।

दो दिवसीय बैठक में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी ई-गवर्नेंस, डिजिटल सेवाओं, प्रशासनिक सुधारों और आम जनता तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। इसका उद्देश्य तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी सेवाओं को अधिक सुगम बनाना और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार के उपाय तलाशना होगा।

धर्मशाला की शांत वादियों में होने वाला यह आयोजन हिमाचल प्रदेश के लिए भी अहम माना जा रहा है। इससे राज्य को दूसरे राज्यों के प्रशासनिक अनुभवों और डिजिटल शासन की बेहतर व्यवस्थाओं को समझने का अवसर मिलेगा। बैठक से जुड़े आधिकारिक कार्यक्रम और अतिथियों की अंतिम सूची की पुष्टि के बाद आयोजन की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story