शाहपुर में 78 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
शाहपुर में 78 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए वीरवार को शाहपुर में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान केवल सिंह पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 78 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें भवन निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) तथा नाबार्ड के तहत संचालित विकास परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि धारकंडी क्षेत्र की चार सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है।

नाबार्ड के तहत संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए केवल सिंह पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से कुछ परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना विभागीय अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story