लांझणी के लिए शीघ्र शुरू होगी बस सेवा : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
लांझणी के लिए शीघ्र शुरू होगी बस सेवा : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लांझणी में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत घर की भूमि विभाग के नाम करने संबंधी सभी औपचारिकताएं एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त फुटब्रिज को शीघ्र ठीक करने के आदेश दिए।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पठानिया ने कहा कि लांझणी क्षेत्र के लोगों की आवागमन संबंधी समस्या को देखते हुए शीघ्र ही सुबह और शाम बस सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल शक्ति विभाग को आवश्यक निर्देश देते हुए लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाने को कहा।

ग्राम पंचायत प्रधान वनीता देवी ने लांझणी पहुंचने पर विधायक का स्वागत किया और क्षेत्र की सड़क, रास्तों तथा बस सेवा से संबंधित विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story