सरकार की घोषणाओं को पूरा करने में तत्परता दिखाएं अधिकारी, कोताही बर्दाशत नहीं : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
सरकार की घोषणाओं को पूरा करने में तत्परता दिखाएं अधिकारी, कोताही बर्दाशत नहीं : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 06 नवंबर (हि.स.)। सरकार की घोषित परियोजनाओं के निर्माण को पूरा करने में तत्परता के साथ कार्य करें, इसमें किसी प्रकार की कोताही का बर्दाशत नही किया जाएगा। यह बात उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को धर्मशाला में जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार द्वारा घोषित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति तथा उन पर की गई प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कही।

उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों को अविलम्ब निपटाने के निर्देश दिए। गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण तथा रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए केवल सिंह पठानिया ने सरकार द्वारा 2700 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाने के बावजूद अभी तक कार्य शुरू न होने पर कड़ी नाराजगी जताई।

उन्होंने संबंधित निर्माण कम्पनी के अधिकारियों से शीघ्र सम्पर्क कर कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिटेनिंग वॉल निर्माण के संबंध में वह स्वयं उपायुक्त एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे, ताकि इस कार्य को आगे बढ़ाने में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सके।

इसके अतिरिक्त पक्का टियाला से चूड़ी सड़क का नाम शहीद मिलाप सिंह जम्बाल तथा राजकीय उच्च विद्यालय भनाला का नाम शहीद पवन कुमार के नाम पर रखने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जबकि उप-तहसील हरचक्कियां के अधिकार क्षेत्र को कांगड़ा से शाहपुर स्थानांतरित करने के लिए एसडीएम कांगड़ा को सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रस्ताव विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

छोटा मणिमहेश डलझील में 17 नवम्बर से होगी महाआरती

बैठक में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के विषय पर चर्चा करते हुए उपमुख्य सचेतक ने बताया कि छोटा मणिमहेश के नाम से विख्यात दुर्वेश्वर महादेव मंदिर, डलझील में 17 नवम्बर की सायं से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में महाआरती का शुभारंभ होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story