दुर्गेश अरण्य जूलाॅजिकल पार्क से कांगड़ा के पर्यटन को मिलेगी नई गति : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गेश अरण्य जूलाॅजिकल पार्क से कांगड़ा के पर्यटन को मिलेगी नई गति : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को वन विभाग से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं की समीक्षा हेतु वन विभाग परिसर धर्मशाला में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शाहपुर के ईको-टूरिज्म स्थलों करेरी, रिडकमार एवं सतोवरी में चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त जाईका, केएफडब्ल्यू तथा आईडीपी परियोजनाओं की प्रगति की स्थिति तथा बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेश अरण्य जूलाॅजिकल पार्क के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेश अरण्य जूलाॅजिकल पार्क (चिड़ियाघर) के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि 619 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट जिला कांगड़ा में पर्यटन को नई गति प्रदान करेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस जूलाॅजिकल पार्क में पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जूलाॅजिकल पार्क का कार्य प्रगति पर है और इस वर्ष ही इसके पहले चरण को जनता को समर्पित कर दिया जायेगा।

पठानिया ने बताया कि करेरी झील ट्रेक के विकास हेतु प्रथम चरण में 50 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इस परियोजना के तहत ट्रेक मार्ग का सुधार, ट्रेक पर जाने वाले पर्यटकों के लिए विश्राम स्थल तथा अवलोकन कुटीर का निर्माण किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्ष बड़ी संख्या मेें पर्यटक त्रिउंड ट्रेक पर पहुंचे, जो क्षेत्र में बढ़ती पर्यटन संभावनाओं को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story