ट्रैकिंग गतिविधियों से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मिलती है मजबूती : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैकिंग गतिविधियों से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मिलती है मजबूती : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 14 अक्टूबर (हि.स.)।

शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ट्रैकिंग गतिविधियों से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलता है और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने यह बात बुधवार को धर्मशाला स्थित वन विभाग कार्यालय में वन विभाग के अधिकारियों और ट्रैकिंग संचालकों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक में त्रियूंड व करेरी सहित विभिन्न ट्रैकिंग साइटों के विकास, पर्यटकों की सुविधाओं और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व ट्रैकिंग संचालकों की समस्याओं और ईको डिव्लपमेंट कमेटी करेरी पर चर्चा की गई।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जिला कांगड़ा में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और ट्रैकिंग स्थलों की वजह से देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

विधायक ने बताया कि करेरी ट्रैकिंग साइट के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त त्रियूंड ट्रैकिंग मार्ग पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च कर रास्ते और कैंपिंग स्थल तक पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कार्य किया जा रहा है। गल्लू मार्ग पर भी लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नड्डी में एशिया की सबसे बड़ी जिपलाइन लगाई जा रही है। उन्होंने ट्रैकिंग संचालकों की समस्याओं के निवारण के लिए वन विभाग के और पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। डल झील में पानी का रिसाव रुकने से इस वर्ष पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story