शाहपुर में जुलाई के पहले सप्ताह में शुरू होगा सोलर प्लांट : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 27 जून (हि.स.)। उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की गुब्बर पंचायत में स्थापित किया जा रहा महत्वाकांक्षी सोलर पावर प्लांट जुलाई माह के पहले सप्ताह में तैयार होकर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
शिमला में 'हिम ऊर्जा' के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्लांट का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गुब्बर पंचायत में सोलर प्लांट के शुरू होने से शाहपुर क्षेत्र में लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं में राहत मिलेगी तथा लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी तकनीकी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए ताकि परियोजना का उद्घाटन तय समय पर किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

