पुहाड़ा और चंबी पुलों पर लगेगी मेटल फेंसिंग : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 02 जुलाई (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सिहवां से रजोल तक निर्माणाधीन फोरलेन परियोजना की प्रगति और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों की वीरवार को उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने समीक्षा की।

शाहपुर के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उपमुख्य सचेतक ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान बनाई गई कूल्हों में पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को धान की खेती में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था, आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने तथा उसकी सूची शीघ्र प्रशासन को सौंपने के निर्देश भी दिए।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सिहवां से रजोल तक सड़क के दोनों ओर वर्षा से बचाव के लिए रैन शेल्टर बनाए जाएंगे। वहीं पुहाड़ा एवं चंबी पुलों पर आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों ओर मेटल फेंसिंग लगाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि फोरलेन निर्माण केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि इसमें किसानों, राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। एनएचएआई अधिकारियों ने बैठक में दिए गए सभी सुझावों और निर्देशों का समयबद्ध पालन करने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story