उपमुख्य सचेतक ने सड़क हादसे के परिवारों से मिलकर जताई संवेदनाएं, दी आर्थिक सहायता

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्य सचेतक ने सड़क हादसे के परिवारों से मिलकर जताई संवेदनाएं, दी आर्थिक सहायता


धर्मशाला, 12 अप्रैल (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर के घेरा में हाल ही में हुए भीषण हादसे के पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस हादसे में अध्यापक कर्ण बहादुर (40) पुत्र वीर बहादुर तथा करीना (18) और निशा देवी पुत्री सुरेश कुमार, निवासी बलड़ी का असामयिक निधन हो गया था।

पठानिया ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। घटना में घायल व्यक्तियों के समुचित उपचार के लिए उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के चिकित्सकों से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए, ताकि घायलों को बेहतर और शीघ्र उपचार मिल सके।

मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए विधायक ने उपचाराधीन अशोक कुमार की भाभी को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की। इसके अतिरिक्त मृतक परिवारों को 2.25 लाख रुपये की सहायता राशि देकर उनके प्रति सहयोग और सहानुभूति का संदेश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story