नगर पंचायत शाहपुर में साढ़े तीन वर्षों में लगे 40 हैंडपंप : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
नगर पंचायत शाहपुर में साढ़े तीन वर्षों में लगे 40 हैंडपंप : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 18 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने नगर पंचायत शाहपुर के वार्ड नंबर 5 में 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एक लाख लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि उनके साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान नगर पंचायत शाहपुर में 40 हैंडपंप स्थापित किए गए हैं, जिससे लोगों को सुचारू और निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि इस ओवरहेड टैंक के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 200 परिवारों के 1000 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और पेयजल आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को अगले दो माह के भीतर पूरा किया जाए। विधायक ने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई हेतु भेजा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story