निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 12 जुलाई (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद के साथ सुधेड़ क्षेत्र में लगभग 48.50 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन अखनखोला, धार खास और कसुम्बर सड़कों का निरीक्षण किया।

गत वर्ष बरसात से क्षतिग्रस्त हुई इन सड़कों के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्माण गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के बाद उपमुख्य सचेतक माधवनगर के वार्ड-6, नगर पंचायत शाहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया।

उन्होंने घोषणा की कि एक सप्ताह के भीतर वार्ड में हैंडपंप स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही कॉलोनी को सीवरेज से जोड़ने, सड़क पर टाइलें बिछाने तथा सोलर लाइटें लगाने का भी आश्वासन दिया।

माधवनगर कमेटी के महासचिव रोशन लाल और प्रधान पवन कुमार ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया तथा मुख्य सड़क से माधवनगर को जोड़ने वाली सड़क की टायरिंग करवाने पर विधायक का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधान अजीत नेहरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story