उप मुख्य सचेतक ने किया लंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्य का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 25 अप्रैल (हि.स.)। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि अधिकारी और ठेकेदार विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करें। शनिवार को शाहपुर के लंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के कार्य के निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया और मरीजों की सुविधाओं के लिए हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र में डेंटल चेयर स्थापित कर दी जाएगी।

आज के इस मौके पर उनके साथ एमीकेयरस इंडिया कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहे जो कि हिमाचल प्रदेश में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने में सहयोग कर रहे हैं। इस कंपनी ने लंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को भी 4 लाख रुपये स्वास्थ्य सुविधाओं पर देने का प्रस्ताव रखा। कंपनी के प्रोग्राम प्रबंधक डॉक्टर उल्हास वासेव ने कहा कि सीएसआर का फंड अबोरट कंपनी में आता है। इस फंड का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए किया जाता है।

बाद में केवल सिंह पठानिया ने विश्राम गृह लंज बैठकर लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों से विकास कार्यों पर चर्चा भी की।

पठानिया ने एमीकेयरस कंपनी का आभार जताया जो कि गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अपना सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने कहा यह कंपनी शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने में अपना सहयोग दे रही है जो अति प्रशंसनीय कार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story