उपमुख्य सचेतक ने किया करेरी ट्रैक एवं झील के विकास कार्य का शिलान्यास, खर्च होंगे 50 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्य सचेतक ने किया करेरी ट्रैक एवं झील के विकास कार्य का शिलान्यास, खर्च होंगे 50 लाख रुपये


धर्मशाला, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को करेरी क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 लाख रुपये की लागत से करेरी ट्रैक एवं करेरी झील के विकास, पर्यटन अधोसंरचना के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र के समग्र उन्नयन के कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता अनूप कुमार रत्न भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करेरी क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ी संस्कृति और पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि करेरी ट्रैक और करेरी झील न केवल कांगड़ा जिला, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण पर्यटन आकर्षण बन सकते हैं।

उपमुख्य सचेतक ने बताया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के विकास और अन्य कार्यों के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही 50 लाख रुपये की लागत से संबंधित विकास कार्य का शिलान्यास किया गया है।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पर्यटन विकास की योजनाओं में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्र के युवाओं को पर्यटन गाइड, ट्रैकिंग, पर्वतारोहण से संबंधित गतिविधियों और अन्य पर्यटन सेवाओं के लिए प्रशिक्षण देने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे करेरी की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने में सहयोग करें और पर्यटकों को भी स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि करेरी तक पहुंच को सुविधाजनक बनाना पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story