ततवानी क्षेत्र में फ्लड प्रोटेक्शन पर खर्च होंगे 5 करोड़ रुपये : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
ततवानी क्षेत्र में फ्लड प्रोटेक्शन पर खर्च होंगे 5 करोड़ रुपये : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 03 जून (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ततवानी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा एवं संरक्षण कार्यों पर लगभग 5 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने यह जानकारी आज राजकीय प्राथमिक विद्यालय सलवाना में 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों के लोकार्पण अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए दी।

इस अवसर पर कप्तान सिंह गुलेरिया एवं उनकी पत्नी रीना गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विधायक ने बताया कि लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही रैत-कोहला सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है तथा शीघ्र ही सड़क की टायरिंग का कार्य आरंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में शीघ्र ही 2.50 लाख रुपये की लागत से रिटेनिंग वॉल का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त ततवानी के समीप एक इको पार्क विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर सलवाना और खबल गांवों में रास्तों के निर्माण का आश्वासन भी दिया।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ततवानी क्षेत्र में बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर रिटेनिंग वॉल और फ्लड प्रोटेक्शन कार्य करवाए जाएंगे, जिन पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

गौरतलब है कि विद्यालय के लिए निर्मित इन तीन कमरों का निर्माण कप्तान सिंह गुलेरिया द्वारा करवाया गया है। इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कप्तान सिंह गुलेरिया एवं उनकी पत्नी रीना गुलेरिया को चंबा थाल भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में कप्तान सिंह गुलेरिया ने कहा कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की है और अपने स्कूल के विकास में योगदान देना उनके लिए सौभाग्य एवं गर्व का विषय है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story