भव्य शोभा यात्रा के साथ जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर-2026 का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
भव्य शोभा यात्रा के साथ जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर-2026 का हुआ शुभारंभ


धर्मशाला, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर-2026 का शुभारंभ शनिवार को धार्मिक आस्था, पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच हुआ। उत्सव के शुभारंभ अवसर पर सबसे पहले शाहपुर स्थित रामेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसके साथ ही दशहरा उत्सव के कार्यक्रमों का विधिवत आगाज हुआ।

इस अवसर पर नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। रामेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।

राजेश धर्माणी और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया की उपस्थिति में एसडीएम कार्यालय शाहपुर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो 39 मील स्थित दशहरा मैदान, शाहपुर तक पहुंची। शोभा यात्रा में धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। शोभा यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा और लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

शोभा यात्रा में स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया। स्थानीय महिला एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा और पगड़ी पहनकर शोभा यात्रा में शामिल हुए। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों की उपस्थिति ने शोभा यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story