नशीली दवाओं के मामले में दोषी करार, सात साल का कठोर कारावास
धर्मशाला, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा के डमटाल पुलिस थाना में दर्ज चिट्टा और नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में अदालत ने आरोपी करण लोधी को दोषी करार देते हुए सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) के तहत पांच साल का कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माना लगाया है। वहीं, धारा 22 के तहत सात साल का कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। दोनों धाराओं के तहत सुनाई गई सजाएं एक साथ चलेंगी। इस तरह दोषी को कुल सात साल का कठोर कारावास भुगतना होगा। दोनों मामलों में जुर्माना अदा न करने पर एक-एक साल का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
मामला एफआईआर नंबर 74/2019 के तहत चार अगस्त 2019 को पुलिस थाना डमटाल में दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 12 गवाहों के बयान दर्ज करवाए गए। इसके बाद अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

