धर्मशाला में नशा मांग में कमी लाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
धर्मशाला, 10 सितंबर (हि.स.)। नशे की मांग में कमी लाने तथा नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के बीच समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय नशा मांग में कमी कार्ययोजना के तहत वीरवार को एक दिवसीय हितधारक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा तथा एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न उपस्थित रहे। वहीं जिला कल्याण अधिकारी, कांगड़ा साहिल मंडला ने कार्यशाला की मेजबानी करते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए मजबूत अंतर-विभागीय समन्वय एवं अभिसरण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे एक व्यापक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए, जिसमें परिवारों, समुदायों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।
कार्यशाला में सभी प्रमुख हितधारक विभागों के प्रतिनिधियों, गैर-सरकारी संगठनों, गुंजन संस्था, ब्रह्माकुमारी संस्था तथा नशा रोकथाम, जागरूकता, परामर्श, पुनर्वास एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहे अन्य संगठनों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यशाला के दौरान विशेष रूप से युवाओं में नशे की रोकथाम, जागरूकता एवं प्रारंभिक हस्तक्षेप, उपचार एवं परामर्श सेवाओं को मजबूत करने, पुनर्वास तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों के सामाजिक पुनर्स्थापन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

