डॉ. अनुराधा साइफर नेशनल इमर्जिंग टोबैको कंट्रोल हीरोज अवॉर्ड से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. अनुराधा साइफर नेशनल इमर्जिंग टोबैको कंट्रोल हीरोज अवॉर्ड से सम्मानित


डॉ. अनुराधा साइफर नेशनल इमर्जिंग टोबैको कंट्रोल हीरोज अवॉर्ड से सम्मानित


धर्मशाला, 01 सितंबर (हि.स.)। तंबाकू नियंत्रण एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, जिला कांगड़ा डॉ अनुराधा को प्रतिष्ठित साइफर नेशनल इमर्जिंग टोबैको कंट्रोल हीरोज अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह राष्ट्रीय सम्मान मंगलवार को जोनल अस्पताल, धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा, पद्मश्री डॉ. ओमेश भारती ने उन्हें प्रदान किया। इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक, जोनल अस्पताल धर्मशाला, डॉ. अनुराधा शर्मा और स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सूद भी मौजूद रहे। यह पुरस्कार पूरे भारत में केवल 8 अधिकारियों को प्रदान किया गया है।

यह राष्ट्रीय सम्मान डॉ. अनुराधा की 14 वर्षों की समर्पित जनस्वास्थ्य सेवा, उत्कृष्ट नेतृत्व, क्षेत्र-आधारित कार्यशैली तथा समुदायों को तंबाकू से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता की मान्यता है। जिला नोडल अधिकारी के रूप में उन्होंने तंबाकू नियंत्रण नीतियों को प्रभावी कार्रवाई में परिवर्तित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में प्रवर्तन गतिविधियों, संस्थागत सुदृढ़ीकरण, सामुदायिक सहभागिता, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा तंबाकू मुक्ति सेवाओं के विस्तार को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया गया।

जिला फ्लाइंग स्क्वाड की अध्यक्ष के रूप में उन्होंने तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन को रणनीतिक नेतृत्व प्रदान किया। केवल प्रशासनिक स्तर पर निगरानी तक सीमित न रहते हुए उन्होंने स्वयं प्रवर्तन अभियानों, क्षेत्रीय निरीक्षणों तथा उल्लंघनों की पहचान एवं चालान/कम्पाउंडिंग की कार्रवाई में भाग लिया और आगे बढ़कर नेतृत्व करने की मिसाल प्रस्तुत की।

उनके नेतृत्व में तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रवर्तन उपलब्धियां हासिल की गईं। तंबाकू फ्री यूथ कैंपेन (टीएफवाईसी) 2025 के दौरान समन्वित प्रवर्तन अभियानों के परिणामस्वरूप 1,911 चालान किए गए तथा 2,18,400 की कम्पाउंडिंग फीस वसूल की गई। वहीं वर्ल्ड नो टोबैको डे कैंपेन 2026 के दौरान प्रवर्तन टीमों द्वारा कोप्टा, 2003 के अंतर्गत 133 चालान किए गए तथा 36,400 का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अतिरिक्त खुली सिगरेट और बीड़ी बेचने वालों के तहत कार्रवाई करते हुए 14 उल्लंघन दर्ज किए गए तथा 47,200 का जुर्माना वसूल किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story