बोह प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु जमीन चिन्हित : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
बोह प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु जमीन चिन्हित : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 18 अगस्त (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को बोह में आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से 25 प्रभावित परिवारों को गद्दे, गैस कनेक्शन, महिला एवं पुरुषों के वस्त्र, ट्रैक सूट, जूते तथा रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की किट वितरित की।

प्रभावित परिवारों से रूबरू होते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। जो परिवार वहां बसने के इच्छुक हैं, वे प्रशासन को इसकी जानकारी दें, ताकि आगामी कार्रवाई शीघ्र शुरू की जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है और उसके अनुरूप शीघ्र ही प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने पंचायत सचिव एवं पटवारी को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के बैंक खाते जल्द खुलवाना सुनिश्चित करें, ताकि राहत राशि प्राप्त करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके पुनर्वास के लिए हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बोह आकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर गंभीर एवं चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को कोई समस्या हो तो वे निःसंकोच अपनी बात प्रशासन अथवा उनके समक्ष रखें।

एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कहा कि स्थानीय विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story