आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लेने कांगड़ा पंहुची केंद्रीय टीम

WhatsApp Channel Join Now
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लेने कांगड़ा पंहुची केंद्रीय टीम


धर्मशाला, 28 सितंबर (हि.स.)। मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में हुई भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम का छह सदस्यीय दल सोमवार को कांगड़ा जिला पहुंचा। टीम का नेतृत्व संयुक्त सचिव, गृह मंत्रालय, भारत सरकार एम. रामचंद्रुडु ने किया।

केंद्रीय टीम में निदेशक, जल शक्ति मंत्रालय (एमएंडए निदेशालय), शिमला प्रकाश चंद, निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (गेहूं विकास निदेशालय), गुरुग्राम डाॅ. सुभाष चंद्र, निदेशक, ग्रामीण विकास मंत्रालय, नई दिल्ली रामवतार मीणा, कार्यकारी अभियंता, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, शिमला शाश्वत महापात्रा, उप निदेशक, वित्त मंत्रालय, नई दिल्ली कनव दुआ तथा वैज्ञानिक, रिमोट सेंसिंग सेंटर, इसरो, अंतरिक्ष विभाग, हैदराबाद डाॅ. शशिवर्धन रेड्डी शामिल हैं।

इससे पूर्व गगल हवाई अड्डे पहुंचने पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया। इसके बाद टीम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मानसून के दौरान जिला में हुए नुकसान तथा राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की प्रगति की जानकारी भी दी गई।

बैठक के उपरांत केंद्रीय टीम चंबा जिला के भटियात क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए रवाना हुई।

इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा अंजली गर्ग सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय टीम अपने दो दिवसीय कांगड़ा दौरे के दौरान विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का स्थलीय जायजा लेगी। टीम प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान, राहत एवं पुनर्वास कार्यों तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए गए आकलन की जानकारी प्राप्त करेगी। इसके अतिरिक्त जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुए नुकसान एवं आवश्यक राहत उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story