धर्मशाला में भूस्खलन की चपेट में आई बाईक, दो घायल
धर्मशाला, 01 अगस्त (हि.स.)। धर्मशाला में चरान खड्ड मार्ग पर शनिवार को हुए लैंडस्लाइड की चपेट में एक चलती मोटरसाइकिल आ गई जिससे दो युवक गंभीर घायल हो गए। घायलों की पहचान नादौन निवासी ललित शर्मा और कंडी निवासी हरि प्रसाद के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों युवक मोटरसाइकिल पर चरान खड्ड के पास से गुजर रहे थे। तभी अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा। यह घटना इतनी तेजी से हुई कि बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला। पत्थरों की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई और दोनों युवक मलबे में फंस गए।
घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला और क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने ललित शर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉ.
राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया है। हरि प्रसाद का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में जारी है और डॉक्टर निगरानी रख रहे हैं।
उधर लोगों ने इस घटना पर रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि चरान खड्ड सड़क मार्ग पर पिछले कई सालों से लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन ने इस समस्या पर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

