धर्मशाला महाविद्यालय के शताब्दी समारोह की तैयारियां तेज़

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला महाविद्यालय के शताब्दी समारोह की तैयारियां तेज़


धर्मशाला, 25 जुलाई (हि.स.)।हिमाचल प्रदेश के सबसे पुराने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर शताब्दी समारोह की तैयारियों को लेकर ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन अध्यक्ष संजीव गांधी की अध्यक्षता में शनिवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महाविद्यालय के शताब्दी समारोह की तैयारियों और गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान ओ.एस.ए. अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि निदेशक उच्च शिक्षा के दिशा-निर्देशानुसार कॉलेज प्राचार्य राकेश पठानिया ने ओ.एस.ए. एक्जीक्यूटिव कमेटी और शताब्दी समारोह जॉइंट कमेटी का गठन कर दिया है। इस कमेटी में ओ.एस.ए. के कार्यकारिणी सदस्य और कॉलेज के वे प्रोफेसर शामिल हैं जो ओ.एस.ए. के सदस्य भी हैं। यह संयुक्त समिति मिलकर कॉलेज परिसर में 100 से अधिक बड़ी गतिविधियों का संचालन करेगी। इसमें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से लेकर कॉलेज इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचे) के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। आयोजित बैठक में सोम जकारिया, डॉ. एन.डी. शर्मा, रेखा डडवाल, डॉ. अश्वनी कौल, दिनेश शर्मा, परविंदर सिंह, अशोक पठानिया, संजीव जसवाल, डॉ. श्रुति शर्मा, पार्षद नरेश, अजय लहाल, विजय जकारिया और डॉ. अलका लहाल सहित समिति के प्रमुख सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे। प्राचार्य राकेश पठानिया और ओ.एस.ए. सदस्यों ने संयुक्त रूप से बताया कि 13 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह शताब्दी समारोह केवल तीन दिवसीय आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष 100 से अधिक प्रमुख गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थियों के बौद्धिक व कौशल विकास के साथ-साथ महाविद्यालय के आधारभूत ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को आधुनिक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। आगामी महीनों में कॉलेज के मेधावी छात्रों (टॉपर्स) का सम्मान, स्वास्थ्य जांच शिविर और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

देश-विदेश में रह रहे पूर्व छात्रों को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान में तेजी

बैठक में मौजूद सभी सदस्यों और प्रोफेसरों ने शताब्दी समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया। ओएसए द्वारा पूर्व छात्रों का नेटवर्क मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। एसोसिएशन ने धर्मशाला कॉलेज से पढ़े और देश-विदेश में रह रहे सभी एल्युमनाई से अपील की है कि वे जल्द से जल्द ओएसए से जुड़कर अपनी सदस्यता लें और 13 से 15 नवंबर तक होने वाले इस शताब्दी महाकुंभ में शिरकत करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story