धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी समारोह का आगाज, चार दिन तक चलेगा जश्न

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 13 नवंबर (हि.स.)।

राजकीय कॉलेज धर्मशाला अपने गौरवशाली शैक्षणिक सफर के 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। वर्ष 1926 में स्थापित इस ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान के शताब्दी समारोह का शुक्रवार को आगाज हुआ। ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित चार दिवसीय समारोह में देश-विदेश से कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी जुटेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संस्थान की सौ साल की उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास को याद किया जाएगा।

ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि समारोह में चार दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मेहमानों के लिए पारंपरिक हिमाचली धाम के चार भोज और एक विशेष रात्रिभोज की व्यवस्था भी की गई है

समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन में कॉलेज के उन पूर्व विद्यार्थियों को विशेष रूप से याद किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा, राजनीति, सेना, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

कॉलेज के गौरवशाली इतिहास में प्रसिद्ध अभिनेता देवानंद, महावीर चक्र विजेता शेर जंग थापा और कैप्टन चंद्र नारायण जैसी हस्तियों का नाम भी शामिल है। इसके अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, विप्लव ठाकुर, डॉ. राजीव भारद्वाज, केवल सिंह पठानिया, अजय महाजन, डॉ. रामलाल मारकंडेय, राकेश पठानिया और मनोज ठाकुर सहित कई राजनीतिक हस्तियां भी इसी संस्थान की पूर्व विद्यार्थी रही हैं। कॉलेज से शिक्षा ग्रहण करने वाले कई विद्यार्थी प्रशासनिक और रक्षा सेवाओं में भी उच्च पदों तक पहुंचे हैं।

संजीव गांधी ने कहा कि एक समय पूरे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए डीएवी कॉलेज लाहौर और सरकारी कॉलेज धर्मशाला ही प्रमुख विकल्प हुआ करते थे। ऐसे में इस संस्थान का ऐतिहासिक और शैक्षणिक महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे कॉलेज के सभी पूर्व विद्यार्थियों से शताब्दी समारोह में शामिल होने की अपील की। साथ ही धर्मशाला प्रेस क्लब, शहरवासियों और सामाजिक संगठनों से भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल कॉलेज या एसोसिएशन का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे धर्मशाला शहर के लिए गौरव का अवसर है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776237 Articles

Share this story