महानिदेशक जेल ने किया जिला कारागार धर्मशाला का निरीक्षण
धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)। महानिदेशक कारागार एवं सुधारात्मक सेवाएं हिमाचल प्रदेश अभिषेक त्रिवेदी ने सोमवार को लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त सुधार गृह कारागार धर्मशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारागार में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा सुधारात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
महानिदेशक ने कारागार परिसर का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा कैदियों के पुनर्वास और सुधार से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कारागार में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने कैदियों से भी बातचीत की तथा उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैदियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और उन्हें सुधारात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जोड़ा जाए ताकि वे समाज की मुख्यधारा में पुनः स्थापित हो सकें।
इस अवसर पर हिमकारा योजना के बारे में जिला जन संपर्क अधिकारी धर्मशाला द्वारा तैयार की गई एक डाॅक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसमें कारागार में चल रही विभिन्न गतिविधियों और सुधारात्मक प्रयासों को दर्शाया गया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ डीआईजी उत्तरी रेंज सोम्या सांबशिवन तथा अधीक्षक कारागार धर्मशाला विकास भटनागर भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

