धर्मशाला में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर जल्द शुरू करने की मांग, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से मिला प्रतिनिधिमंडल

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर जल्द शुरू करने की मांग, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से मिला प्रतिनिधिमंडल


धर्मशाला, 13 सितंबर (हि.स.)। धर्मशाला में केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) वेलनेस सेंटर शुरू करने में हो रही देरी को लेकर जिला कांगड़ा एक्स-सेंट्रल गवर्नमेंट एवं सीएपीएफ एम्प्लॉइज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से मुलाकात की। एसोसिएशन अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त डीआईजी विनोद कुमार थापा के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को केंद्र के प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र की लंबित प्रक्रिया से अवगत करवाते हुए शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि धर्मशाला में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर के लिए चिन्हित भवन पूरी तरह तैयार है और इसे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को सौंपने की प्रक्रिया में अब केवल आवश्यक किराया समझौता करने की अनुमति का इंतजार है। इसके लिए अतिरिक्त निदेशक, सीजीएचएस चंडीगढ़ की ओर से करीब एक माह पहले ई-फाइल महानिदेशक, सीजीएचएस नई दिल्ली को भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है।

एसोसिएशन ने कहा कि फाइल लंबित रहने के कारण तैयार भवन के बावजूद वेलनेस सेंटर शुरू नहीं हो पा रहा है। इससे धर्मशाला समेत आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले केंद्रीय सेवानिवृत्त कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के कर्मियों और अन्य पात्र लाभार्थियों को सीजीएचएस की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

एसोसिएशन के अनुसार धर्मशाला में केंद्र शुरू होने से कांगड़ा, हमीरपुर, चंबा, ऊना तथा मंडी के कांगड़ा से सटे क्षेत्रों के करीब डेढ़ लाख पात्र लाभार्थियों को लाभ मिल सकेगा। उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक चिकित्सकीय परामर्श और सीजीएचएस से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से लंबित फाइल को शीघ्र मंजूरी दिलवाने के लिए केंद्रीय स्तर पर मामला उठाने का आग्रह किया। सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के समक्ष उठाएंगे और वेलनेस सेंटर को जल्द शुरू करवाने के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव पालम जंग, कुलदीप वालिया, देश राज वालिया, लाल सिंह, हकम भारद्वाज और पवन कुमार गुलरिया शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story