अक्टूबर में होगी डीएलएड री-अपीयर परीक्षा, 14 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
धर्मशाला, 06 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन पार्ट-1 और पार्ट-2 के उन छात्रों को बड़ी राहत दी है, जिन्हें परीक्षा पास करने के लिए दूसरे मौके की तलाश थी। बोर्ड ने आगामी अक्टूबर 2026 में होने वाली री-अपीयर (द्वितीय अवसर) परीक्षा का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके लिए 5 सितंबर से प्रवेश-पत्र भरने की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की जा जा चुकी है, जो 14 सितंबर तक चलेगी।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा के लिए पात्र छात्र अपने संबंधित शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ही आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड द्वारा डीएलएड री-अपीयर परीक्षा के लिए 1,350 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। छात्रों को अपना परीक्षा शुल्क और प्रवेश-पत्र तय समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन माध्यम से ही प्रेषित करना होगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने छात्रों और शिक्षण संस्थानों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की कड़ी हिदायत दी है। उन्होंने संबंधित शिक्षण संस्थानों से भी आग्रह किया है कि वे पात्र परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन भेजना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी छात्र का साल खराब न हो। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि 14 सितंबर की अंतिम तिथि समाप्त होने के उपरांत किसी भी स्थिति में कोई भी नया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

