डीएलएड में प्रवेश के लिए 739 रिक्त सीटों के लिए 28 सितंबर को तीसरे चरण की काउंसलिंग

WhatsApp Channel Join Now
डीएलएड में प्रवेश के लिए 739 रिक्त सीटों के लिए 28 सितंबर को तीसरे चरण की काउंसलिंग


धर्मशाला, 25 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-28 के तहत प्रदेश के निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में खाली बची 739 सीटों को भरने के लिए शिक्षा बोर्ड ने पूरी तैयारी कर ली है। इन रिक्त सीटों के लिए तीसरे चरण काउंसलिंग 28 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में आयोजित की जाएगी।

काउंसलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए बोर्ड ने चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची और श्रेणीवार आरक्षित खाली सीटों का पूरा ब्यौरा अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे वेबसाइट से दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और वहां उपलब्ध 'बायोडाटा फॉर्म' को भरकर अपने साथ लाएं। इसके अलावा, काउंसलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, हिमाचली मूल निवासी प्रमाण-पत्र और आरक्षित श्रेणी या उप-श्रेणी से जुड़े दस्तावेजों की मूल व सत्यापित फोटोकॉपी साथ लानी होगी।

बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि ईडब्ल्यूएस, ओबीसी और पूर्व सैनिकों के आश्रितों की श्रेणी में आने वाले अभ्यर्थियों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया प्रमाण-पत्र या शपथ-पत्र निर्धारित प्रारूप में ही प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। दाखिले की चाह रखने वाले युवाओं को एक बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि सीट आवंटन के समय उन्हें उनकी पसंद के संस्थान में उपलब्ध सीट केवल एक बार ही आवंटित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story