डीएलएड संबद्धता के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 14 मई तक का समय

WhatsApp Channel Join Now
डीएलएड संबद्धता के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 14 मई तक का समय


धर्मशाला, 16 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) पाठ्यक्रम के संचालन हेतु संबद्धता प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के पात्र निजी शिक्षण संस्थानों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सत्र में प्रवेश पूरी तरह से 'कॉमन एंट्रेंस टेस्ट' (सीईटी-2026) की मेरिट के आधार पर ही दिया जाएगा और सीटों का आवंटन एनसीटीई द्वारा निर्धारित कड़े मानकों के अनुरूप सुनिश्चित होगा।

संबद्धता के लिए पात्रता मानदंडों पर चर्चा करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि केवल वही संस्थान आवेदन के योग्य माने जाएंगे, जिनके पास एनसीटीई से डी.एल.एड. (जेबीटी) संचालन की मान्यता है और जिन्होंने राज्य सरकार या शिक्षा विभाग से अनिवार्य अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया है। आवेदन करने के इच्छुक संस्थान बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से फॉर्म और विस्तृत दिशा-निर्देश डाउनलोड कर सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित बोर्ड कार्यालय में जमा करना होगा।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि संबद्धता हेतु 37,760 रुपये (जीएसटी सहित) का शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से किया जाना है। आवेदन के साथ स्टाफ का विवरण, भवन सुरक्षा प्रमाण पत्र और अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 14 मई 2026 तय की गई है, हालांकि विलंब शुल्क के साथ संस्थान 19 मई 2026 तक भी अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। अधिक सहायता के लिए संस्थान सीधे बोर्ड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story