कांगड़ा में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए डायवर्जन और वन-वे व्यवस्था लागू

WhatsApp Channel Join Now
कांगड़ा में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए डायवर्जन और वन-वे व्यवस्था लागू


धर्मशाला, 25 नवंबर (हि.स.)। जिला मजिस्ट्रेट कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मटौर चौक कांगड़ा में भारी यातायात दबाव एवं जाम की समस्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव करने के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था जनसुविधा, यातायात नियंत्रण तथा मटौर चौक पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू होगी और आगामी आदेशों तक जारी रहेगी।

आदेशों के अनुसार पालमपुर, बैजनाथ एवं आसपास के क्षेत्रों से कांगड़ा की ओर आने वाली सभी लंबी दूरी की बसों, मल्टी-एक्सल, वोल्वो बसों तथा भारी मालवाहक वाहनों को कांगड़ा बाईपास के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को मटौैर चौक से गुजरने के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से कांगड़ा बस स्टैंड पहुंचना होगा।

इसी प्रकार कांगड़ा से धर्मशाला की ओर जाने वाली लंबी दूरी की बसों, मल्टी-एक्सल, वोल्वो बसों तथा भारी मालवाहक वाहनों को कांगड़ा बाईपास, फोरलेन होते हुए 53 मील और योल के रास्ते धर्मशाला भेजा जाएगा, ताकि मटौर चौक पर यातायात दबाव कम किया जा सके। इसके अतिरिक्त टांडा बाईपास से तहसील चैक कांगड़ा तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। विपरीत दिशा में यातायात को पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित वैकल्पिक मार्ग से नियंत्रित किया जाएगा।

जिला मजिस्ट्रेट ने एसएचओ कांगड़ा को यातायात व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्याप्त पुलिस कर्मियों की तैनाती तथा आवश्यक साइन बोर्ड और बैरिकेड लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों सहित आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रास्ता उपलब्ध रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story