घबराहट में आकर जिला में बढ़ी एलपीजी की बुकिंग, अफवाहों में ना आएं लोग : हेमराज बैरवा

WhatsApp Channel Join Now
घबराहट में आकर जिला में बढ़ी एलपीजी की बुकिंग, अफवाहों में ना आएं लोग : हेमराज बैरवा


धर्मशाला, 27 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि जिला में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों विशेष रूप से ईरान-इजरायल के बीच चल रहे तनाव, संघर्ष की खबरों के कारण आम जनता में अनावश्यक चिंता एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके परिणामस्वरूप उपभोक्ताओं द्वारा घबराहट में आकर एलपीजी सिलेंडरों की अग्रिम बुकिंग की जा रही है, जिससे मांग में अचानक वृद्धि देखी गई है।

उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में जिले प्रतिदिन लगभग 7500 से 7700 घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती है। किन्तु 10 मार्च 2026 तक यह खपत अनावश्यक रूप से बढ़ कर प्रतिदिन 9 हजार से 10 हजार हो गई है, जो कि केवल घबराहट के कारण की जा रही अतिरिक्त बुकिंग का परिणाम है, न कि किसी वास्तविक कमी का।

उपायुक्त ने कहा कि जिला में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से नियंत्रित एवं पर्याप्त है। सभी गैस एजेंसियों को नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और वितरण प्रणाली में कोई बाधा नहीं है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग न करें केवल आवश्यकता अनुसार ही सिलेंडर बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story