धर्मगुरु दलाई लामा दो माह के लेह लद्धाख प्रवास के बाद शुक्रवार को धर्मशाला लौटेंगे
धर्मशाला, 03 सितंबर (हि.स.)। तिब्बतियों के सर्वोच्च धर्मगुरु दलाई लामा लेह लद्दाख के 2 माह के दौरे के बाद शुक्रवार को अपने निवास स्थल धर्मशाला लौट रहे हैं। धर्मगुरु के इंतजार में तिब्बती समुदाय सहित स्थानीय लोग भी उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
गौरतलब है कि तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा बीते 28 जून को धर्मशाला से लेह दौरे पर निकले थे। धर्मगुरु ने इस दौरान लेह लद्दाख में प्रवचनों सहित विभिन्न तिब्बती संगठनों और संस्थाओं द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान तिब्बती समुदाय ने धर्मगुरु की लंबी आयु के लिए विशेष पूजा का भी आयोजन किया। दलाई लामा के वापस लौटने और उनके स्वागत की तैयारियों के लिए वीरवार को धर्मशाला से मैक्लोडगंज तक जगह जगह तोरणद्वार लगाए गए हैं। पिछले दो माह से अधिक समय तक धर्मशाला से बाहर रहे दलाई लामा की वापसी का तिब्बती समुदाय सहित स्थानीय लोग भी बेसब्री से इंतजार कर कहे थे। वहीं अब धर्मगुरु के लौटने के साथ ही मैक्लोडगंज में चहल पहल बढ़ने वाली है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

