दलाई लामा ने धर्मशाला में तांत्रिक बौद्ध मठ में धर्म शिक्षण हॉल का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
दलाई लामा ने धर्मशाला में तांत्रिक बौद्ध मठ में धर्म शिक्षण हॉल का किया उद्घाटन


धर्मशाला, 28 नवंबर (हि.स.)। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने शनिवार को धर्मशाला में सिद्धबाड़ी स्थित गयुतो तांत्रिक बौद्ध मठ में नवनिर्मित धर्म शिक्षण हॉल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके सम्मान में विशेष दीर्घायु पूजा का आयोजन किया गया। दलाई लामा ने अनुयायियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपसे आग्रह करता हूं कि अपने जीवन को स्थिरता और दृढ़ता के साथ जिएं।

मठ पहुंचने पर भिक्षु संघ ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मंगल ध्वनि और धार्मिक छत्र के साथ उनका स्वागत किया। पीली टोपी और लाल चीवर पहने भिक्षुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनकी अगवानी की। इसके बाद दलाई लामा ने नवनिर्मित धर्म शिक्षण हॉल का उद्घाटन किया।

समारोह में दलाई लामा के अच्छे स्वास्थ्य और सौ कल्पों तक दीर्घायु रहने की कामना के साथ विशेष प्रार्थना की गई। इस दौरान त्रिकाल के बुद्धों, पवित्र धर्म, आर्य संघ, डाकिनियों और धर्मपालों का स्मरण करते हुए धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया गया। अनुयायियों की सुविधा के लिए प्रवचन और अनुष्ठान का अनुवाद एफएम पर प्रसारित किया गया।

सभा की शुरुआत निस्वार्थ बोधिचित्त की महिमा से जुड़े श्लोकों के पाठ के साथ हुई। पूजा के दौरान गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विशेष मंडल अर्पित किया गया। इसमें ब्रह्मांड, सुमेरु पर्वत, विभिन्न द्वीपों, दिव्य रत्नों और देवियों की प्रतीकात्मक परिकल्पना की गई। भिक्षुओं ने दलाई लामा के सभी शुद्ध संकल्पों की पूर्ति की कामना की।

धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बौद्ध दर्शन के गूढ़ विषयों पर भी चर्चा हुई। विद्वानों ने मध्य नाड़ी में सूक्ष्म प्राण वायु से उत्पन्न होने वाले मायावी शरीर के सिद्धांत पर शास्त्रीय विमर्श किया।दलाई लामा की दीर्घायु और संसार के अंत तक धर्म की शिक्षाएं बने रहने की कामना के साथ प्रार्थना सभा संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story