धर्मशाला की डल झील में पहली बार होगी महाआरती, शनिवार को होगा शाही स्नान

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला की डल झील में पहली बार होगी महाआरती, शनिवार को होगा शाही स्नान


धर्मशाला, 17 सितंबर (हि.स.)। धर्मशाला के पर्यटन स्थल नड्डी की ऐतिहासिक डल झील में शुक्रवार शाम को पहली बार महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद अगले दिन शनिवार को झील में शाही स्नान होगा। शुक्रवार को महा आरती के अवसर पर एंटी-चिट्टा रैली के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगें। मान्यता के अनुसार इस झील में स्नान करने से चंबा की मणिमहेश यात्रा के समान ही पुण्य फल की प्राप्ति होती है। युवाओं को जागरूक करने के लिए टेंगल बोर्ड से डल लेक तक एंटी-चिट्टा रैली निकाली जाएगी।

शाही स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए झील में गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती रहेगी। मेले की पूर्व संध्या पर 18 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों को मंच देकर क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति को प्रोत्साहित किया जाएगा।

दुर्वेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी सुभाष शर्मा ने बताया कि 19 सितंबर को सुबह 4 बजे कलश पूजन और शंखध्वनि के साथ झील व जल का शुद्धिकरण किया जाएगा। इसके उपरांत विधिवत स्नान आरंभ होगा। स्नान के बाद श्रद्धालु झील किनारे स्थित प्रसिद्ध श्री दुर्वेश्वर महादेव मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लेंगे।

डल झील में आयोजित राधाष्टमी मेले के दौरान केवल सिंह पठानिया उपमुख्य सचेतक मौजूद रहेंगे। सुबह 11 बजे “एंटी चिट्टा” रैली का आयोजन टंगेल मोड़ से डल झील तक किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजेदुर्गेश्वर महादेव मंदिर, डल झील में पूजा-अर्चना होगी। दोपहर 3:00 बजे बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 6 बजे दुर्गेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती होगी तथा स्टार नाईट में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा विधि मंत्री, हिमाचल प्रदेश यादविंद्र गोमा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story