महिला की मृत्यु के मामले में सीडब्ल्यूसी कांगड़ा का संज्ञान

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 20 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा के थुरल क्षेत्र के अंतर्गत गांव मलांदर (बछवाई) में 37 वर्षीय महिला सुषमा देवी की जहरीली वस्तु के सेवन के बाद उपचार के दौरान हुई मृत्यु से संबंधित मामले का जिला बाल कल्याण समिति कांगड़ा ने स्वतः संज्ञान लिया है। सीडब्ल्यूसी के जिला कांगड़ा अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने बताया कि मृतका अपने पीछे तीन नाबालिग बेटियां छोड़ गई है, जो यूकेजी, दूसरी तथा चौथी कक्षा में अध्ययनरत हैं। इस दुखद घटना से तीनों बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया है। समिति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चियों की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा, देखभाल, शिक्षा एवं भविष्य के संरक्षण को लेकर आवश्यक कार्रवाई आरंभ की है।

इस संबंध में जिला बाल कल्याण समिति द्वारा पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, कांगड़ा तथा चाइल्ड हेल्पलाइन कांगड़ा को ई-मेल के माध्यम से पत्राचार कर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तलब की गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस थाना थुरल से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित कर घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं पुलिस कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट मांगी गई है।

समिति ने संबंधित अधिकारियों से विशेष रूप से यह जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा है कि तीनों बच्चियां वर्तमान में किसकी देखरेख में हैं, उनके भरण-पोषण एवं शिक्षा की क्या व्यवस्था है तथा उनके सुरक्षित भविष्य और समुचित संरक्षण के लिए परिवार एवं प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए गए हैं।

विक्रमजीत शर्मा ने कहा कि मां का साया उठना किसी भी बच्चे के जीवन में अत्यंत पीड़ादायक परिस्थिति होती है। ऐसे समय में बच्चों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि भावनात्मक सहयोग, सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और निरंतर देखभाल की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तीनों बच्चियां किसी भी प्रकार की उपेक्षा, असुरक्षा अथवा बाल संरक्षण से जुड़ी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना न करें। यदि तथ्यों एवं सामाजिक जांच के आधार पर बच्चियों को देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता पाई जाती है, तो किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story