दो छात्रों के लापता मामले में सीडब्ल्यूसी ने देहरा पुलिस से तलब की रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 29 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेद व्यास परिसर बलाहर के दो छात्रों के लापता होने के मामले में जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) कांगड़ा ने कड़ा संज्ञान लेते हुए देहरा पुुुुलिस सेे इस मामले की रिपोर्ट तलब की है। लापता इन दोनों छात्रों का बुधवार को तीसरे दिन भी कोई पता नही चल सका है।

गौरतलब है कि देहरा उपमंडल के तहत बलाहर (गरली) में स्थित केंद्रीय संस्कृत विवि में शास्त्री प्रथम वर्ष के दो नाबालिग छात्र हरिपुर तहसील के तहत स्थित अपने घर से सोमवार सुबह संस्थान में पढ़ने के लिए निकले मगर देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। दोनों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहे थे। परिजनों की शिकायत पर अगलेे दिन मंगलवार को जब पुलिस नेे उनकी खोज शुरू की तो उनके बैग लोअर सुनहेत के पास स्थित ब्यास नदी के किनारे पड़े मिले है। देहरा पुलिस थाना में दोनों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। देहरा पुलिस ने प्रशासन की मदद से दोनों की तलाश के लिए ब्यास नदी के किनारे और पानी के अंदर खोजने का अभियान शुरू कर दिया गया है, जो आज भी जारी रहा।

उधर, आज जिला बाल कल्याण समिति, कांगड़ा के धर्मशाला में स्थित कार्यालय में समिति के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक हुई और इस घटना पर चिंता जताते हुए नियमानुसार इस मामले की स्टेट्स रिपोर्ट देहरा पुलिस से तलब करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में समिति के सदस्य संगीता गौतम, विकास कुमार और नरेशठा कुमारी भी मौजूद रहे।

यह जानकारी देते हुए विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि दो छात्रों के इस तरह संस्थान में न जाकर लापता होना और फिर उनके बैग ब्यास नदी किनारे मिलनेे की यह घटना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल एसडीआरएफ की मदद से दोनों की खोज ब्यास किनारे ड्रोन और गोताखोरों की मदद से की जा रही है। सीडब्ल्यूसी इस घटना पर नजर बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story